कानपुर। बर्रा थाना क्षेत्र में जुआ खेलने की शिकायत पुलिस से करने के बाद बीजेपी नेता की कथित पिटाई का मामला सामने आया है। घटना से नाराज सैकड़ों बीजेपी कार्यकर्ताओं ने बर्रा थाने के अंदर धरना-प्रदर्शन किया और संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।
जानकारी के मुताबिक, बीजेपी के बर्रा मंडल उपाध्यक्ष ने एक पार्क में खुलेआम जुआ खेले जाने की शिकायत पुलिस से की थी। आरोप है कि शिकायत से नाराज जुआरियों ने मंडल उपाध्यक्ष के साथ मारपीट की। घटना की जानकारी सामने आने के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया।
इसके बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बर्रा थाने पहुंचे और परिसर में धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने इंस्पेक्टर क्षितिज कुमार सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। थाने में हुए प्रदर्शन के चलते पुलिस महकमे में हलचल मच गई।
वहीं, स्थिति को संभालने के लिए नौबस्ता एसीपी बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
फिलहाल, मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
कानपुर | रिपोर्टर- रामजी शर्मा








