कोल्हुई थाने की कमान अभय नारायण सिंह को, आलोक कुमार सिंह निलंबित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। कोल्हुई थाना क्षेत्र के पिपरा-परसौनी में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान हुए विवाद के बाद पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बड़ी कार्रवाई की है। तत्कालीन थानाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, अभय नारायण सिंह को कोल्हुई थाने का नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार, विसर्जन जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई थी। घटना से नाराज लोगों ने कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया। इसके बाद विसर्जन की प्रक्रिया पूरी कराई गई।

घटना के बाद थाने की कार्यप्रणाली को लेकर उठीं शिकायतों और मामले की जांच के आधार पर पुलिस अधीक्षक ने तत्कालीन थानाध्यक्ष के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की।

नए थानाध्यक्ष अभय नारायण सिंह इससे पहले परसामलिक और पुरंदरपुर थानों में जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। अब उनके सामने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, विवादों पर समय से कार्रवाई करने और जनता का पुलिस पर भरोसा मजबूत करने की चुनौती होगी। स्थानीय लोगों की नजर नए थानाध्यक्ष की कार्यशैली और पुलिसिंग की प्रभावशीलता पर रहेगी।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]