हरिद्वार में आगामी कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शनिवार देर रात निर्माण कार्यों, सड़कों की मरम्मत और हरकी पैड़ी सहित अन्य घाटों के सौंदर्यीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। डीएम ने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने चंडी घाट चौक, शंकराचार्य चौक, प्रेम नगर चौक, सिंह द्वार, गुरुकुल कांगड़ी हाईवे और हरकी पैड़ी क्षेत्र में चल रहे कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को सड़कों का डामरीकरण निर्धारित मानकों के अनुरूप करने और गड्ढामुक्त सड़कें सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, हरकी पैड़ी क्षेत्र के मंदिरों, घाटों और पुलों का सौंदर्यीकरण दीपावली से पहले पूरा करने को कहा।
निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए श्रमिकों की संख्या बढ़ाने और नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए गए। डीएम ने स्पष्ट किया कि कार्यों में लापरवाही और देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।









