कुशीनगर जिले के हाटा कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे-28 स्थित सुकरौली नगर पंचायत के ओवरब्रिज पर बुधवार तड़के करीब चार बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां सड़क पर खड़े एक खराब कंटेनर में पीछे से आ रहा दूसरा कंटेनर जोरदार तरीके से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे से आए कंटेनर का चालक वाहन के अगले हिस्से में बुरी तरह फंस गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही नगर पंचायत के कर्मचारी और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे। कंटेनर के अगले हिस्से में चालक के फंसे होने के कारण उसे बाहर निकालना बड़ी चुनौती बन गया।
काफी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों और नगर पंचायत कर्मचारियों ने रॉड और अन्य उपकरणों की मदद से कंटेनर के क्षतिग्रस्त अगले हिस्से को तोड़ा। करीब काफी प्रयास के बाद चालक को वाहन से बाहर निकाला जा सका। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है।
मौके पर पहुंची एनएचएआई की एंबुलेंस की मदद से घायल चालक को तत्काल इलाज के लिए गोरखपुर एम्स भेजा गया। घायल चालक हरियाणा का रहने वाला बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे में चालक के दोनों पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गोरखपुर की ओर जाने वाले मार्ग पर एक कंटेनर खराब होने के कारण सड़क पर ही खड़ा था। इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रहा दूसरा कंटेनर चालक आगे खड़े वाहन को देख नहीं पाया और सीधे उसमें जा घुसा। टक्कर के बाद दोनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा।
हादसे की सूचना मिलने पर हाटा कोतवाली पुलिस और एनएचएआई की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जबकि एनएचएआई की टीम दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर हाईवे पर यातायात व्यवस्था सामान्य कराने में जुट गई। हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर आवागमन प्रभावित रहा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मनोज कुमार यादव
तहसील हाटा कुशीनगर









