कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित तौर पर अमर्यादित एवं आपत्तिजनक टिप्पणी करने का वीडियो वायरल होने के बाद नेबुआ नौरंगिया पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त 2026 को सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर करीब साढ़े तीन मिनट का एक वीडियो प्रसारित हुआ। वीडियो में एक युवक मुख्यमंत्री के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करता दिखाई दे रहा था। वीडियो पुलिस के संज्ञान में आने के बाद जांच शुरू की गई और आरोपी की पहचान शकील उर्फ मुन्ना पुत्र शरीफ निवासी बलकुड़िया, थाना नेबुआ नौरंगिया के रूप में हुई।
वीडियो की शुरुआत में कही आपत्तिजनक बातें
वायरल वीडियो की शुरुआत में युवक कथित तौर पर, “हंसी होई, बदमाशी होई, भले जेल होई चाहे फांसी होई” कहते हुए दिखाई देता है। इसके बाद वह मुख्यमंत्री और अन्य लोगों को लेकर कथित रूप से अभद्र एवं आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करता है। वीडियो में वह खुद को बदमाश बताते हुए कुछ स्थानों और लोगों के बारे में भी आपत्तिजनक टिप्पणियां करता दिखाई देता है।
वीडियो के एक हिस्से में युवक किसी से नहीं डरने की बात कहते हुए एक दुकान संचालक के बारे में भी गाली-गलौज करता नजर आता है। आगे वह अपने गांव और आसपास के कुछ स्थानों का जिक्र करते हुए भी कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग करता है।
अंत में लगाए देशभक्ति के नारे
वीडियो के अंतिम हिस्से में युवक इंकलाब जिंदाबाद, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारे लगाते हुए सलामी देता दिखाई देता है। वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की गिरफ्तारी की।
मुकदमा दर्ज कर भेजा जेल
नेबुआ नौरंगिया थाना पुलिस के मुताबिक, मामले में मु0अ0सं0 291/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ धारा 351(3), 352 और 356(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद 11 अगस्त 2026 को पुलिस टीम ने आरोपी शकील उर्फ मुन्ना को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय दुबे, उपनिरीक्षक अतुल तिवारी, उपनिरीक्षक रामप्रकाश यादव, कांस्टेबल अजय यादव और कांस्टेबल रविकान्त यादव शामिल रहे।
साजिद अंसारी – पड़रौना तहसील, कुशीनगर









