खड्डा, कुशीनगर। नगर पंचायत खड्डा में मंगलवार देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। वार्ड नंबर 3 और 7 के बीच एक मारुति XL6 कार अनियंत्रित होकर पहले नगर पंचायत की स्ट्रीट लाइट से टकराई, फिर पलटते हुए सड़क किनारे स्थित एक मकान की दीवार से जा भिड़ी। हादसे में कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कार के एयरबैग खुल जाने से दोनों की जान बच गई, अन्यथा हादसा और भी भयावह हो सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब 10:20 बजे खड्डा की ओर से तेज गति से आ रही कार अचानक नियंत्रण खो बैठी। पहले वह सड़क किनारे लगे स्ट्रीट लाइट पोल से टकराई और फिर पलटकर रमेश मद्धेशिया के मकान की दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोगों को ऐसा लगा मानो किसी बड़े वाहन का टायर फट गया हो।
दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल भेजवाया। घायलों की पहचान ग्राम सभा तुर्कहा निवासी कार चालक और उसके साथ आगे की सीट पर बैठे युवक के रूप में हुई है। दोनों एक ही गांव के बताए जा रहे हैं।
हादसे में किसी राहगीर या स्थानीय व्यक्ति को चोट नहीं पहुंची, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि रमेश मद्धेशिया के घर के बाहर खड़े ऑटो को काफी नुकसान पहुंचा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह दुर्घटना शाम के समय हुई होती, जब लोग अपने घरों के बाहर बैठे रहते हैं, तो कई लोगों की जान जोखिम में पड़ सकती थी।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। क्षतिग्रस्त कार को देखने के लिए देर रात तक लोगों का जमावड़ा लगा रहा। स्थानीय नागरिकों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के प्रति सख्ती बरतने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जिला प्रभारी – प्रेम सिंह कुशीनगर









