गोरखपुर कांवड़ यात्रा के दौरान बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता तीनों मोर्चों पर विशेष तैयारी की है। रेलवे का दावा है कि हालात के अनुसार अतिरिक्त ट्रेनें, कोच और अन्य व्यवस्थाएं भी तत्काल बढ़ाई जाएंगी। सावन में कांवड़ यात्रा को लेकर पूर्वोत्तर रेलवे भी पूरी तरह अलर्ट मोड में है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया गया है। साथ ही रेलवे ने सुरक्षा, निगरानी और स्वच्छता को लेकर भी विशेष इंतज़ाम किए हैं।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि सावन में बाबा धाम और अन्य प्रमुख शिवधामों की ओर बढ़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने चार जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। इनमें बढ़नी-देवघर, गोरखपुर-आसनसोल, औड़िहार-प्रयागराज सूबेदारगंज और प्रयागराज-वाराणसी रूट शामिल हैं। रेलवे का कहना है कि यदि यात्रियों की संख्या बढ़ती है तो अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जाएंगी। चार जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं, जरूरत पड़ने पर और ट्रेनें भी चलाई जाएंगी।
फिलहाल अतिरिक्त कोच नहीं लगाए गए हैं, लेकिन भीड़ बढ़ने पर कोच बढ़ाने और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त स्टॉपेज देने पर भी विचार किया जाएगा। वहीं सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील स्टेशनों पर अतिरिक्त आरपीएफ और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। सीसीटीवी कैमरों के जरिए कंट्रोल रूम और वॉर रूम से 24 घंटे निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
सुरक्षा के लिए अतिरिक्त बल तैनात हैं, सीसीटीवी के जरिए लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है।
सुमित कुमार, सीपीआरओ पूर्वोत्तर रेलवे









