अलीगढ़। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) के अब्दुल्लाह हॉल में खाने की गुणवत्ता को लेकर छात्राओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। छात्राओं ने प्लेट और चम्मच बजाकर अपनी नाराजगी जताई। प्रदर्शन कर रही छात्राओं का आरोप है कि मेस के खाने में लगातार गड़बड़ी की शिकायत की जा रही है और कई बार खाने में कीड़े मिलने की बात भी सामने आई, लेकिन शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।
छात्राओं के प्रदर्शन के दौरान उस समय स्थिति और तनावपूर्ण हो गई, जब छात्राओं ने मेल प्रॉक्टोरियल टीम के सदस्यों पर धक्का-मुक्की और बदसलूकी करने के गंभीर आरोप लगाए। छात्राओं ने प्रदर्शन के दौरान महिला पुलिस की मौजूदगी को लेकर भी सवाल उठाए और विश्वविद्यालय प्रशासन से पूरे मामले में जवाब मांगा।
मामले को लेकर विश्वविद्यालय की प्रॉक्टोरियल टीम की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। छात्राओं का कहना है कि खाने की गुणवत्ता जैसी मूलभूत समस्या का समाधान बातचीत और उचित कार्रवाई के जरिए होना चाहिए।
वहीं, लगातार सामने आ रहे विवादों के बीच AMU प्रशासन और विश्वविद्यालय के कुलपति की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। छात्राओं ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मामले में छात्रा और AMU प्रॉक्टर प्रो. मोहम्मद नावेद खान का पक्ष भी सामने आया है। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से पूरे मामले की वास्तविक स्थिति और आरोपों पर क्या कार्रवाई की जाती है, यह देखने वाली बात होगी।
अलीगढ़ से आशीष वार्ष्णेय की रिपोर्ट









