महराजगंज। निचलौल क्षेत्र में नहर में कूदी महिला की जान बचाने वाले कक्षा 10 के दो बहादुर छात्रों को जिलाधिकारी ने अपने कार्यालय में बुलाकर प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। दोनों छात्रों कृष्णा गुप्ता निवासी सेखुई, थाना चौक और सद्दाम हुसैन निवासी कोहड़वल, थाना निचलौल ने अपनी जान की परवाह किए बिना नहर के तेज बहाव में उतरकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाला था।
घटना की सूचना पर पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई थी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों छात्रों ने साहस दिखाते हुए महिला की जान बचा ली।
डीएम ने छात्रों के साहस और मानवता की सराहना करते हुए कहा कि उनका कार्य समाज के लिए अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि ऐसे साहसिक कार्य युवाओं को विपरीत परिस्थितियों में निस्वार्थ भाव से दूसरों की मदद करने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर छात्रों के विद्यालय के प्रधानाचार्य को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। डीएम ने जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला सूचना अधिकारी को दोनों छात्रों के नाम राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार के लिए भेजने की आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।









