पति की हत्या कर बिस्तर पर रखा था जिंदा सांप, रविता की सजा पर शुक्रवार को फैसला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतारने का आरोप, सर्पदंश से मौत दिखाने की रची थी साजिश

मेरठ। के चर्चित नीले ड्रम हत्याकांड के बाद अब एक और सनसनीखेज पति हत्याकांड सुर्खियों में है। पति अमित कश्यप की हत्या कर उसे सांप के काटने से हुई मौत का रूप देने के मामले में आरोपी पत्नी रविता की सजा पर शुक्रवार को फैसला सुनाया जाएगा। एडीजे-12 की अदालत में होने वाले फैसले को लेकर लोगों की निगाहें टिकी हैं।

जानकारी के अनुसार, रविता पर अपने प्रेमी अमरदीप के साथ मिलकर पति अमित कश्यप की हत्या की साजिश रचने का आरोप था। हत्या के बाद दोनों ने वारदात को छिपाने के लिए बिस्तर पर जिंदा सांप रख दिया था, ताकि लोगों को लगे कि अमित की मौत सर्पदंश से हुई है।

शुरुआत में मौत को सांप के काटने से जोड़कर देखा जा रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया। रिपोर्ट के आधार पर हत्या की आशंका सामने आई और जांच में कथित साजिश की परतें खुलने लगीं।

इस सनसनीखेज मामले ने उस समय पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया था। पति की हत्या को सर्पदंश का रूप देने की कथित कोशिश चर्चा का विषय बनी रही।

अब शुक्रवार को एडीजे-12 की अदालत द्वारा सजा पर फैसला सुनाए जाने की जानकारी सामने आई है। जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा का बयान भी इस मामले में सामने आया है। बहुचर्चित हत्याकांड में अदालत के आगामी फैसले का इंतजार किया जा रहा है।

 

रिपोर्ट – रूपाली रस्तौगी

और पढ़ें

[the_ad id="164"]