संस्कृत विद्वान डॉ. महेश मणि त्रिपाठी को स्वर्ण पदक, सिसवा का बढ़ाया मान

सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में स्वर्ण पदक के साथ डॉ. महेश मणि त्रिपाठी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। सिसवा बाजार नगर के जलकल रोड निवासी संस्कृत विद्वान डॉ. महेश मणि त्रिपाठी ने अपनी शैक्षणिक उपलब्धि से पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। वर्तमान में वह कौशाम्बी जनपद में प्रवक्ता के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी के 44वें दीक्षांत समारोह में आचार्य (एम.ए.) परीक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने स्वर्ण पदक प्रदान कर सम्मानित किया।

डॉ. महेश मणि त्रिपाठी ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने दिवंगत पिता स्व. माधव प्रसाद त्रिपाठी, अपनी माता तथा गुरुजनों के आशीर्वाद और मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है और भविष्य में भी वे शिक्षा तथा संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करते रहेंगे।

उनकी इस उपलब्धि की खबर मिलते ही सिसवा बाजार और आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है। नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरिजेश जायसवाल, राकेश यादव सहित अनेक शुभचिंतकों ने उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

गौरतलब है कि डॉ. महेश मणि त्रिपाठी ने वर्ष 2014 में संस्कृत विषय में जेआरएफ (Junior Research Fellowship) परीक्षा भी उत्तीर्ण की थी। उनकी यह नई उपलब्धि न केवल सिसवा बाजार बल्कि पूरे महराजगंज जनपद के लिए गर्व का विषय है। साथ ही यह क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बन गई है कि कठिन परिश्रम और समर्पण से राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]