रामलीला महोत्सव में धनुष यज्ञ का मंचन, राम के धनुष तोड़ते ही गूंजे जयकारे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पूर्व विधायक प्रमोद गुप्ता एलएस ने किया उद्घाटन, लक्ष्मण-परशुराम संवाद ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध

औरैया। ऐरवा कटरा में आयोजित 130वें आदर्श रामलीला महोत्सव के चौथे दिन ऐरवा टीकुर स्थित रामलीला मंच पर धनुष यज्ञ की लीला का भव्य मंचन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बिधूना के पूर्व विधायक प्रमोद गुप्ता एलएस ने फीता काटकर और भगवान श्रीराम की आरती-पूजन कर किया।

पूर्व विधायक ने कहा कि उनके विधायक रहते रामलीला मंच के निर्माण के लिए पांच लाख रुपये की स्वीकृति दिलाई गई थी। उन्होंने दोबारा सेवा का अवसर मिलने पर मैदान और मंच के विकास के लिए 20 लाख रुपये की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया।

मंचन के दौरान रावण-बाणासुर संवाद, जनक विलाप और लक्ष्मण-परशुराम संवाद ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। स्वयंवर में कोई भी राजा शिव धनुष नहीं उठा सका। इसके बाद गुरु विश्वामित्र की आज्ञा से भगवान श्रीराम ने धनुष उठाकर प्रत्यंचा चढ़ाई, जिससे धनुष टूट गया। धनुष टूटने की आवाज सुनकर परशुराम जनक दरबार पहुंचे, जहां लक्ष्मण के साथ उनका तीखा संवाद हुआ।

परशुराम की भूमिका बाबा व्यास पांडेय और लक्ष्मण की भूमिका अभिषेक त्रिपाठी ने निभाई। दोनों कलाकारों के अभिनय पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में रामलीला कमेटी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]