ऐरवा कटरा। कस्बे में आयोजित 130वें आदर्श रामलीला महोत्सव के दूसरे दिन ऐरवा टीकुर स्थित रामलीला मंच पर धार्मिक कार्यक्रमों और लीलाओं का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ऐरवा कटरा थाना प्रभारी गंगादास गौतम ने फीता काटकर तथा आरती-पूजन कर किया।
इस अवसर पर थाना प्रभारी ने भगवान श्रीराम की वंशावली, हनुमान चालीसा और रामचरितमानस से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने धार्मिक ग्रंथों के विभिन्न प्रसंगों और उनमें निहित विचारों पर प्रकाश डालते हुए दर्शकों को ज्ञानवर्धक जानकारी दी। उनके संबोधन की उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर सराहना की।
रामलीला कमेटी के उपाध्यक्ष रानू पालीवाल ने कहा कि पुलिस विभाग की व्यस्तता के कारण अधिकारियों को सामाजिक और धार्मिक आयोजनों के लिए समय निकालना कठिन होता है। ऐसे में थाना प्रभारी गंगादास गौतम की धार्मिक ग्रंथों के प्रति रुचि और उनका ज्ञान सराहनीय है।
महोत्सव के दूसरे दिन रावण दिग्विजय से लेकर राम जन्म तक की लीलाओं का सजीव मंचन किया गया। वहीं, हास्य कलाकार विनोद कक्कड़ ने अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों को खूब गुदगुदाया। लीलाओं का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक मौजूद रहे।
इस दौरान रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने थाना प्रभारी गंगादास गौतम और उपनिरीक्षक हबीब खान का पटका पहनाकर तथा भगवान श्रीराम का चित्र भेंटकर स्वागत किया।
कार्यक्रम में प्रबंधक इंद्रप्रकाश तिवारी, अध्यक्ष एवं प्रधान सरमन सिंह, रानू पालीवाल, वीरेंद्र कुमार यादव, मनोज शर्मा, अरुण कुशवाह, मोहित कुशवाह, गौरव गुप्ता, पदम नारायण तिवारी, कपिल गौतम, ब्रिगेडियर तिवारी, नेता तिवारी सहित कमेटी के अन्य पदाधिकारी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – अमित शुक्ला
स्थान – औरैया









