दस दिन से तलाश कर रहा था परिवार, पुलिस ने विवाहिता को उसकी मां के सुपुर्द किया
महराजगंज। जिले के श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के परतावल नगर पंचायत में रिश्तों को हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां दस दिन पहले लापता हुए एक युवक और विवाहिता को पुलिस ने अयोध्या से बरामद किया है। ग्रामीणों के मुताबिक, विवाहिता रिश्ते में युवक की चाची लगती है। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग होने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की, जिसके बाद विवाहिता को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, युवक और विवाहिता आसपास रहते थे। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी बीच करीब दस दिन पहले दोनों अचानक लापता हो गए। काफी समय तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उनकी तलाश शुरू की गई। परिवार के लोग लगातार दोनों का पता लगाने में जुटे थे।
बताया जाता है कि विवाहिता का पति रोजी-रोटी के सिलसिले में प्रदेश से बाहर रहता था। घटना की जानकारी मिलने पर वह घर लौटा और पत्नी की तलाश में जुट गया। इस दौरान मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने जांच-पड़ताल और तलाश के बाद दोनों को अयोध्या से बरामद कर लिया।
पूछताछ में युवक ने साथ रहने से किया इनकार
पुलिस के मुताबिक, बरामदगी के बाद दोनों से पूछताछ की गई। इस दौरान विवाहिता युवक के साथ रहने की बात पर अड़ी रही, जबकि युवक ने उसके साथ रहने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने विवाहिता को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया।
श्यामदेउरवां थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से कोई कानूनी कार्रवाई करने की इच्छा नहीं जताई गई है। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।









