महराजगंज। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अवैध तस्करी की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सोनौली पुलिस ने एक युवक को तीन गत्ते डेयरी मिल्क चॉकलेट के साथ पकड़ा है। पुलिस ने मौके से एक नेपाली मोटरसाइकिल भी बरामद की है। मामले में कस्टम अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए युवक को बरामद सामान के साथ कस्टम कार्यालय नौतनवा भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सोनौली पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान 11 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने फरेन्दी तिवारी टोला तिलहवा के पास कार्रवाई की। यहां से पुलिस ने सूरज पासवान पुत्र सुभाष पासवान, उम्र करीब 19 वर्ष, निवासी ग्राम शेष फरेन्दा, थाना सोनौली, जनपद महराजगंज को पकड़ा।
पुलिस के मुताबिक, युवक के कब्जे से तीन गत्तों में रखी डेयरी मिल्क चॉकलेट बरामद हुई। इसके साथ ही नेपाली नंबर प्लेट वाली एक मोटरसाइकिल भी मिली, जिसका पंजीकरण नंबर लू0 13 प 5507 बताया गया है।
पुलिस ने बरामद चॉकलेट और मोटरसाइकिल को थाने पर दाखिल करते हुए मामले में मु0अ0सं0-निल/2026, धारा 113 कस्टम अधिनियम के तहत कार्रवाई की। इसके बाद आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए युवक और बरामद सामान को कस्टम कार्यालय नौतनवा भेज दिया गया।
भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी की रोकथाम के लिए पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के अभियान का हिस्सा बताया गया है।









