विधानसभा सीटों पर कथित फर्जी मतदाता प्रविष्टियों का मामला, सांसद डिंपल यादव ने डीएम से मांगी कार्रवाई की रिपोर्ट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मैनपुरी। जनपद की चार विधानसभा सीटों की मतदाता सूचियों में कथित फर्जी और दोहरी मतदाता प्रविष्टियों का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। मैनपुरी की सांसद डिंपल यादव ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर इस प्रकरण में अब तक की गई कार्रवाई, जांच की वर्तमान स्थिति और जांच में सामने आए निष्कर्षों की विस्तृत जानकारी तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने मामले में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया है।

सांसद डिंपल यादव ने जिलाधिकारी मैनपुरी को भेजे पत्र में विधानसभा क्षेत्र 107-मैनपुरी, 108-भोगांव, 109-किशनी और 110-करहल की मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं का उल्लेख किया है। पत्र के अनुसार, समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष आलोक कुमार शाक्य ने 19 मई 2026 को इस संबंध में जिलाधिकारी के समक्ष ज्ञापन प्रस्तुत कर शिकायत की थी।

शिकायत में 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची के परीक्षण के आधार पर चारों विधानसभा क्षेत्रों में बड़ी संख्या में कथित फर्जी और दोहराई गई मतदाता प्रविष्टियां होने का आरोप लगाया गया था। ज्ञापन में विस्तृत जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई थी।

पत्र में दिए गए आंकड़ों के मुताबिक, विधानसभा क्षेत्र मैनपुरी में 4,377, भोगांव में 4,379, किशनी में 4,692 और करहल में 5,776 कथित फर्जी मतदाता प्रविष्टियों की शिकायत की गई है। इस प्रकार चारों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 19,224 प्रविष्टियों को लेकर जांच की मांग उठाई गई है। हालांकि, ये शिकायत में बताए गए आंकड़े हैं, जिनकी आधिकारिक जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी है।

सांसद ने जिलाधिकारी से पूछा है कि शिकायत पर अब तक क्या कार्रवाई हुई और जांच में क्या तथ्य सामने आए। उन्होंने कहा कि यदि प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है तो देरी के कारण स्पष्ट किए जाएं और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।

डिंपल यादव ने सभी संबंधित प्रविष्टियों की नियमानुसार जांच, गलत प्रविष्टियां प्रमाणित होने पर निर्वाचन कानूनों के तहत आवश्यक सुधार और जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने विधानसभा क्षेत्रवार जांच रिपोर्ट और संबंधित अभिलेख तत्काल उपलब्ध कराने को कहा है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]