महिला सुरक्षा के लिए सड़क पर उतरी कोल्हुई पुलिस, पैदल मार्च निकालकर किया जागरूक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को दी गई सुरक्षा संबंधी जानकारी, हेल्पलाइन नंबरों के प्रति किया जागरूक

महराजगंज। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत रविवार शाम करीब छह बजे कोल्हुई पुलिस ने मुख्य चौराहे पर पैदल मार्च निकालकर जागरूकता अभियान चलाया। थानाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी।

पैदल मार्च के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने स्थानीय महिलाओं, बालिकाओं और नागरिकों से संवाद किया। उन्हें बताया गया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या घरेलू हिंसा की स्थिति में चुप रहने के बजाय पुलिस से संपर्क करना चाहिए। पुलिस ने महिलाओं को अपनी समस्याएं खुलकर सामने रखने और जरूरत पड़ने पर उपलब्ध सहायता सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान पुलिस टीम ने महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 और आपातकालीन पुलिस सेवा 112 के बारे में जानकारी दी। महिलाओं और बालिकाओं को बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में इन नंबरों का उपयोग कर सहायता प्राप्त की जा सकती है। साथ ही उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी परेशानी को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी गई।

पुलिस ने भरोसा दिलाया कि महिलाओं की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा और उनकी सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ करने, छेड़छाड़ करने और क्षेत्र में अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

थानाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं के मन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना तथा उन्हें बिना किसी डर के अपनी बात रखने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।

इस दौरान महिला उपनिरीक्षक प्रिया वर्मा, उपनिरीक्षक राजीव सिंह, उपनिरीक्षक रवि प्रकाश यादव, महिला कांस्टेबल मुनिता यादव, पिंकी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]