नवरात्रि को लेकर गोरखपुर पुलिस अलर्ट, डीआईजी-डीएम और एसएसपी ने किया पैदल मार्च

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोरखपुर। शारदीय नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए गोरखपुर में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी अलर्ट नजर आए। डीआईजी एस. चन्नप्पा, जिलाधिकारी दीपक मीणा और एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने शहर के विभिन्न इलाकों में पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

अधिकारियों ने बक्शीपुर से घंटाघर होते हुए ट्रांसपोर्ट नगर तक पैदल मार्च किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों को सतर्कता बनाए रखने और त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पैदल मार्च के जरिए आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाने का भी प्रयास किया गया।

मिशन शक्ति के तहत महिला पुलिस ने दिखाई सक्रियता

पैदल मार्च के दौरान महिला थाना प्रभारी के नेतृत्व में मिशन शक्ति के तहत रैली निकाली गई। इसके माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा, जागरूकता और पुलिस की सक्रियता का संदेश दिया गया। पुलिस प्रशासन ने त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और आमजन को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने की अपील

इस मौके पर एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने लोगों से अपील की कि नवरात्रि का त्योहार शांतिपूर्वक और आपसी भाईचारे के साथ मनाएं। उन्होंने लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील भी की।

पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के पैदल मार्च के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता दिखाई गई। नवरात्रि के मद्देनजर शहर में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की निगरानी जारी है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]