महराजगंज में डीजे संचालकों पर पुलिस की सख्ती, 600 को जारी हुआ नोटिस

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। आगामी दुर्गा पूजा, दशहरा समेत अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए महराजगंज पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में गुरुवार, 8 अक्टूबर को जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में डीजे संचालकों और साउंड सिस्टम मालिकों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में थानाध्यक्षों और थाना प्रभारियों ने डीजे संचालकों को ध्वनि प्रदूषण और सुरक्षा मानकों से संबंधित शासन एवं माननीय सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि डीजे और साउंड सिस्टम की आवाज निर्धारित डेसिबल सीमा के भीतर ही रखी जाए, ताकि बुजुर्गों, मरीजों, बच्चों और आम लोगों को परेशानी न हो।

पुलिस ने डीजे वाहनों में बॉक्सों की संख्या सीमित रखने और पिकअप, ट्रॉली आदि की लंबाई व ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने के निर्देश दिए। ओवरलोडिंग या सड़क पर खतरनाक तरीके से साउंड सिस्टम फैलाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। जुलूस, शोभायात्रा और पूजा पंडालों में सांप्रदायिक, अश्लील या उत्तेजक गाने बजाने पर भी रोक रहेगी।

नियमों का उल्लंघन रोकने के लिए महराजगंज पुलिस ने कुल 600 डीजे संचालकों और मालिकों को विधिक नोटिस जारी किया है। पुलिस ने चेतावनी दी कि निर्देशों का उल्लंघन मिलने पर साउंड सिस्टम और संबंधित वाहन को तत्काल सीज करने के साथ ही प्रासंगिक धाराओं में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने पूजा समितियों, आयोजकों और नागरिकों से अपील की है कि त्योहारों को शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था के दायरे में रहकर मनाएं तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]