महराजगंज। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत चौंक थाना पुलिस ने दलित उत्पीड़न के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान राहुल चौधरी पुत्र दीनानाथ चौधरी, उम्र करीब 19 वर्ष, निवासी बड़हरा राजा, थाना चौंक, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 189/26 के तहत धारा 69, 351(3) बीएनएस एवं 3(2)(5) एससी/एसटी एक्ट में मामला दर्ज किया गया था। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया।
पुलिस द्वारा जारी सूचना के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी 8 अक्टूबर 2026 को दोपहर 1 बजकर 23 मिनट पर की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को नियमानुसार परिजनों को सूचना देते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए न्यायालय भेजा गया।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में थाना चौंक के उपनिरीक्षक शिवम कुमार सिंह तथा कांस्टेबल रजनीश कुमार गौड़ शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की विधिक प्रक्रिया जारी है।









