महराजगंज। अवैध शराब की तस्करी और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महराजगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में थाना ठूठीबारी पुलिस और 22वीं वाहिनी SSB की जी कंपनी ठूठीबारी की संयुक्त टीम ने 53 शीशी अवैध नेपाली शराब के साथ एक महिला अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 08 अक्टूबर 2026 को थानाध्यक्ष ठूठीबारी अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस एवं SSB की संयुक्त टीम क्षेत्र में गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग तथा अवैध तस्करी की रोकथाम के लिए अभियान चला रही थी। इसी दौरान टीम को एक महिला संदिग्ध अवस्था में प्लास्टिक का बोरा लेकर जाती दिखाई दी।
संयुक्त टीम ने महिला को रोककर उसके पास मौजूद प्लास्टिक के बोरे की जांच की। तलाशी के दौरान बोरे से 53 शीशी अवैध नेपाली शराब बरामद हुई। शराब बरामद होने के बाद पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस ने बरामद अवैध नेपाली शराब को कब्जे में लेते हुए गिरफ्तार महिला अभियुक्त के विरुद्ध थाना ठूठीबारी में धारा 60/63 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। इसके बाद पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सीमावर्ती क्षेत्र में अवैध शराब एवं अन्य प्रतिबंधित सामानों की तस्करी रोकने के लिए पुलिस और SSB की संयुक्त टीमें लगातार चेकिंग अभियान चला रही हैं। इस कार्रवाई से तस्करी में संलिप्त लोगों में भी हड़कंप मचा हुआ है।









