हापुड़। थाना देहात पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मेरठ बाईपास स्थित गोल चक्कर के पास से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वर्ष 2016 की नोटबंदी के दौरान बंद हो चुके 500 और 1000 रुपये के पुराने नोट बरामद किए हैं। बरामद पुरानी करेंसी की कुल कीमत 1 करोड़ 44 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी लोगों से संपर्क कर बंद हो चुकी पुरानी करेंसी के बदले नई करेंसी दिलाने का लालच देकर धोखाधड़ी का नेटवर्क चला रहा था। आरोप है कि इस अवैध लेनदेन में वह कमीशन के तौर पर मोटी रकम हासिल करता था।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पुराने नोटों के स्रोत और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में बंद हो चुकी करेंसी आरोपी तक कैसे पहुंची।
एडिशनल एसपी महेश कुमार ने बताया कि मामले में बरामद करेंसी और आरोपी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।









