घुघली, महराजगंज। विश्व दृष्टि दिवस के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खुटहा में नेत्र जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान नेत्र परीक्षण अधिकारी डॉ. फैयाज अहमद ने अस्पताल में आए करीब 300 मरीजों को आंखों की सुरक्षा और दृष्टि को बेहतर बनाए रखने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
डॉ. फैयाज अहमद ने मरीजों को बताया कि बिना चिकित्सकीय सलाह के आंखों में किसी भी प्रकार की दवा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। आंखों की नियमित रूप से सफाई रखने के साथ ही टीवी, मोबाइल, लैपटॉप और कंप्यूटर का सीमित उपयोग करना जरूरी है। उन्होंने लोगों को पौष्टिक आहार लेने और समय-समय पर आंखों की जांच कराने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आंखों से संबंधित किसी भी परेशानी को नजरअंदाज करने के बजाय समय रहते चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान केंद्र प्रभारी डॉ. अमित विक्रम सिंह, डॉ. प्रकाश चौरसिया, डॉ. राकेश मोहन शर्मा, सिस्टर भूमिकेश सिंह सहित अस्पताल के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
इसके बाद डॉ. फैयाज अहमद ने क्षेत्र के चार विद्यालयों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं को भी आंखों की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बच्चों को मोबाइल और डिजिटल स्क्रीन के अत्यधिक उपयोग से बचने, पर्याप्त रोशनी में पढ़ाई करने तथा आंखों में परेशानी होने पर चिकित्सक से जांच कराने की सलाह दी।
डॉ. अहमद ने जीएसजीएन सेंट्रल एकेडमी, बजरंगी सिंह इंटर कॉलेज छौड़िला, एक्सीलेंट एकेडमी खुटहा और आचार्य बलदेव स्मारक शिक्षा निकेतन भुवनी में विद्यार्थियों को नेत्र सुरक्षा के उपाय बताए। जीएसजीएन सेंट्रल एकेडमी के प्रधानाचार्य अवधेश जायसवाल ने जागरूकता कार्यक्रम के लिए डॉ. फैयाज अहमद का आभार व्यक्त किया।









