गुरसहायगंज में तेज रफ्तार ट्रैक्टर का कहर, ITI छात्र की मौत के बाद हंगामा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कन्नौज के गुरसहायगंज में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने एक 20 वर्षीय ITI छात्र की जान ले ली। हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस लोगों को समझाने-बुझाने में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक मृतक छात्र की पहचान 20 वर्षीय राजा के रूप में हुई है। राजा ITI प्रथम वर्ष का छात्र था और गुरसहायगंज से अपने घर वापस लौट रहा था। इसी दौरान ऊंचा रोड पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राजा की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर रास्ता जाम कर दिया और जनप्रतिनिधियों व आला अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे।

सूचना मिलते ही गुरसहायगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

फिलहाल मौके पर तनाव की स्थिति बनी हुई है और पुलिस लोगों को शांत कराने के साथ ही आगे की कार्रवाई में जुटी है 

 

रिपोर्ट – विवेक दीक्षित

और पढ़ें

[the_ad id="164"]