बाराबंकी में वोट चोरी के आरोपों को लेकर समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जोरदार प्रदर्शन किया। सपा कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यालय से जिला निर्वाचन कार्यालय तक पैदल मार्च निकालने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं सपा के राष्ट्रीय सचिव अरविंद सिंह गोप ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पिछले एक सप्ताह से लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
गोप ने कहा कि मताधिकार जनता का सबसे बड़ा अधिकार है और किसी भी व्यक्ति को उसके मतदान के अधिकार से वंचित करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग के दो सदस्यों की ओर से कई बार लिखित शिकायत किए जाने के बावजूद सर्वसम्मति से निर्णय नहीं लिए जा रहे हैं।
सपा नेता ने दिल्ली में राहुल गांधी, अखिलेश यादव और प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ कथित बदसलूकी पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने दावा किया कि 2027 में प्रदेश की जनता मौजूदा सरकार को हटाकर सपा की सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन था, है और आगे भी रहेगा।









