महराजगंज। जनपद में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने होटल, सराय, धर्मशाला, ढाबों एवं रेस्टोरेंट की सघन चेकिंग का विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर निगरानी रखने के साथ प्रतिष्ठानों में ठहरने वाले लोगों के विवरण की भी जांच की गई।
अभियान के दौरान संबंधित क्षेत्राधिकारीगण ने स्वयं अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर चेकिंग की तथा पुलिस टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने होटल, सराय और ढाबों पर पहुंचकर वहां मौजूद व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। होटल एवं सराय में ठहरने वाले लोगों का विवरण, रजिस्टर तथा अन्य आवश्यक अभिलेखों की जांच की गई।
पुलिस ने होटल और सराय संचालकों को निर्देशित किया कि किसी भी व्यक्ति को ठहराने से पहले उसके पहचान संबंधी दस्तावेजों का उचित सत्यापन किया जाए। बिना पहचान अथवा संदिग्ध परिस्थितियों में किसी व्यक्ति को ठहराने से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने के निर्देश दिए गए।

अभियान के दौरान उन प्रतिष्ठानों पर भी विशेष ध्यान दिया गया, जहां विदेशी नागरिकों के ठहरने की व्यवस्था होती है। पुलिस टीमों ने Form-C के रख-रखाव और उसमें विदेशी आगंतुकों से संबंधित आवश्यक विवरण दर्ज किए जाने की स्थिति का निरीक्षण किया। संचालकों को निर्देश दिया गया कि विदेशी नागरिकों के ठहरने की स्थिति में नियमानुसार आवश्यक विवरण समय से दर्ज और प्रेषित किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
चेकिंग अभियान के दौरान कुल 37 होटल, 06 सराय/धर्मशाला तथा 54 ढाबा/रेस्टोरेंट की जांच की गई। पुलिस ने संचालकों और कर्मचारियों को सुरक्षा मानकों तथा निर्धारित नियमों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए होटल, सराय, ढाबों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की चेकिंग का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।









