चंदौली में पुलिस ने पुराने विवाद से जुड़े जानलेवा हमले के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को धर- दबोचा है| सकलडीहा थाना क्षेत्र की पुलिस ने छित्तमपुर गांव से मृत्युंजय यादव को गिरफ्तार किया, जिस पर देवेंद्र कुमार यादव पर जानलेवा हमला करने का आरोप है| इस हमले में देवेंद्र गंभीर रूप से घायल हुए थे|
शिकायत के बाद दर्ज हुआ था केस
पुलिस द्वारा मिली जानकारी के अनुसार देवेंद्र कुमार यादव ने आरोप लगाया था कि गांव के ही मृत्युंजय यादव समेत पांच लोगों ने उनके साथ अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी| इसके बाद आरोपियों ने उन पर हमला भी किया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं| मामले को लेकर सकलडीहा थाने में 30 सितंबर को मृत्युंजय यादव और चार अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था|
गांव से आरोपी की गिरफ्तारी
केस दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी| टीम ने सूचना के आधार पर छित्तमपुर गांव में दबिश दी और मृत्युंजय यादव को पकड़ लिया| गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसके खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है| पुलिस के अनुसार, मृत्युंजय यादव के खिलाफ पहले से भी तीन मामले दर्ज हैं|









