कुशीनगर में पेड़ चोरी करने पहुंचे गिरोह का एक सदस्य पकड़ा, ग्रामीणों ने पुलिस को सौंपा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर के खड्डा थाना क्षेत्र के मठिया गांव में मंगलवार देर रात खेतों से कीमती पेड़ काटकर ले जाने पहुंचे कथित गिरोह के एक सदस्य को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मौके से एक बंद बॉडी पिकअप वाहन भी बरामद किया गया, जिस पर मध्य प्रदेश का नंबर दर्ज बताया जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, क्षेत्र में लंबे समय से किसानों के खेतों में लगे तैयार और कीमती पेड़ों को निशाना बनाया जा रहा था।

बताया गया कि देर रात खेतों के बीच संदिग्ध बंद बॉडी वाहन खड़ा देखकर ग्रामीणों को शक हुआ। इसी दौरान कुछ लोग पेड़ काटकर लकड़ी वाहन में लाद रहे थे। ग्रामीणों के पहुंचने पर कई लोग मौके से भाग निकले, जबकि एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया।

सूचना पर खड्डा पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए व्यक्ति तथा वाहन को कब्जे में ले लिया। पुलिस वाहन में लदी लकड़ी और घटनास्थल की जांच कर रही है। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के आधार पर उसके अन्य साथियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि कितने पेड़ काटे गए और गिरोह में कितने लोग शामिल हैं।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]