लखनऊ। पटना से लखनऊ आ रही इंडिगो की फ्लाइट खराब मौसम के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई। करीब 17 हजार फीट की ऊंचाई पर हुई इस घटना में विमान की नोज क्षतिग्रस्त हो गई। पायलट की सूझबूझ से विमान को लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया। विमान में सवार सभी 150 यात्री सुरक्षित हैं।
जानकारी के मुताबिक इंडिगो की फ्लाइट 6E925 ने पटना एयरपोर्ट से दोपहर 3:10 बजे उड़ान भरी थी। विमान को शाम 4:20 बजे लखनऊ पहुंचना था, लेकिन इसे करीब 4:05 बजे ही सुरक्षित लैंड करा लिया गया। आकाशीय बिजली की चपेट में आने के बाद विमान में तकनीकी दिक्कत सामने आई, जिसके चलते इसे लखनऊ एयरपोर्ट पर ही रोक दिया गया।
इसी विमान को आगे 6E6968 के रूप में लखनऊ से अहमदाबाद जाना था। तकनीकी समस्या के चलते इंडिगो ने यात्रियों के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था की। इसके बाद सभी यात्री शाम करीब 6:22 बजे दूसरे विमान से अहमदाबाद के लिए रवाना हुए।
क्षतिग्रस्त विमान की जांच के लिए इंजीनियरों की टीम मौके पर पहुंची और तकनीकी जांच शुरू कर दी। घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।









