औरैया जिले के फफूंद थाना क्षेत्र के बाबा का पुरवा गांव में पुलिस ने अवैध पटाखा निर्माण और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने उनके कब्जे से 191 किलोग्राम बने और अधबने पटाखे, 46 किलोग्राम दफ्ती के खोखे तथा 21 किलोग्राम बारूद बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बाबा का पुरवा गांव में अवैध रूप से पटाखों का निर्माण और भंडारण किया जा रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी अजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गांव में एक मकान पर छापा मारा।
कार्रवाई के दौरान आजम खान पुत्र बिलायत खान और जुल्फिकार पुत्र गफ्फार को गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के दौरान पुलिस को बड़ी मात्रा में बने और अधबने पटाखे, दफ्ती के खोखे और बारूद बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी अजय कुमार, उपनिरीक्षक प्रेम कुमार, उपनिरीक्षक बिजेन्द्र पाल सिंह और कांस्टेबल सिद्धार्थ शामिल रहे।
रिपोर्टर- अमित शुक्ला









