मथुरा के थाना फरह क्षेत्र के थिरावली गांव में देर रात बदमाशों ने दो मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने परिवार के सदस्यों को कमरों में बंद कर दोनों घरों को खंगाला।
चोर घरों से नकदी, सोने-चांदी के आभूषण समेत लाखों रुपये का सामान चोरी कर ले गए। ग्रामीणों के मुताबिक बदमाश बाइक से गांव में पहुंचे थे और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए।
घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। चोरी की बढ़ती घटनाओं को लेकर ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
घटना से नाराज ग्रामीण थाना फरह पहुंचे और पुलिस से मामले में जल्द कार्रवाई कर बदमाशों को गिरफ्तार करने की मांग की।
संवाददाता: वेद प्रकाश सारस्वत









