महराजगंज में हुड़दंगियों का आतंक, ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाते रीलबाजों का वीडियो वायरल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। जिले में जान जोखिम में डालकर रील बनाने का खुमार युवाओं के सिर चढ़कर बोल रहा है। कोल्हुई थाना क्षेत्र के ग्राम अमहवा के पास मुख्य मार्ग का बताया जा रहा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ युवक यातायात नियमों की अनदेखी करते हुए मोटरसाइकिलों पर सवार होकर सड़क पर स्टंटबाजी करते नजर आ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि वीडियो में चार मोटरसाइकिलों पर कई युवक सवार दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान किसी ने भी हेलमेट नहीं पहन रखा है। व्यस्त मुख्य मार्ग पर इस तरह बाइक चलाने और स्टंट करने से न केवल युवकों की जान खतरे में पड़ रही है, बल्कि सड़क से गुजरने वाले अन्य राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

सोशल मीडिया पर लाइक्स, कमेंट्स और व्यूज पाने की होड़ में युवा लगातार यातायात नियमों को दरकिनार कर रील बनाने में जुटे हैं। वायरल वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने ऐसे युवाओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर इस तरह बाइक से स्टंटबाजी करना कभी भी गंभीर हादसे का कारण बन सकता है। लोगों ने पुलिस और यातायात विभाग से वायरल वीडियो की जांच कर संबंधित युवकों की पहचान करने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर पुलिस की ओर से आधिकारिक कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है। वीडियो की पुष्टि और उसमें नजर आ रहे युवकों की पहचान के बाद आगे की कार्रवाई संभव है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]