महराजगंज। कोल्हुई थाना क्षेत्र के महुवारी टोला रायपुर गांव में बुधवार रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। युवक का शव गांव में स्थित कटहल के पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान जयराम पुत्र रामधन के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में भी मातम का माहौल हो गया।
बताया जा रहा है कि बुधवार रात जयराम का शव गांव में कटहल के पेड़ से लटका मिला। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है।
सूचना मिलते ही कोल्हुई थानाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजीव सिंह, उपनिरीक्षक राजकुमार, उपनिरीक्षक रमेश वरुण, आकाश कुमार खरवार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आसपास के लोगों से जानकारी ली और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इसके साथ ही पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
बताया गया कि मृतक जयराम की पत्नी का नाम प्रमिला है और उनके चार बच्चे हैं, जो सभी नाबालिग बताए जा रहे हैं। जयराम की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी और बच्चों समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।









