बाराबंकी में शारदीय नवरात्रि के आगमन में अब कुछ ही दिन बाकी हैं। 11 अक्टूबर से शुरू होने वाले नवरात्र को लेकर बाराबंकी में तैयारियां तेज हो गई हैं। पूजा पंडालों की सजावट से लेकर मां दुर्गा की प्रतिमाओं की स्थापना तक तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच चुकी हैं।वहीं जहांगीराबाद-मसौली क्षेत्र का खैरातीपुर गांव इन दिनों मां दुर्गा और अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाओं से गुलजार है।
मूर्तिकार दिन-रात मेहनत कर प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। कहीं प्रतिमाओं पर रंग-रोगन किया जा रहा है तो कहीं मुकुट, आभूषण और वस्त्रों से सजावट का काम चल रहा है।खैरातीपुर लंबे समय से मूर्ति निर्माण के लिए अपनी पहचान बनाए हुए है।
यहां तैयार होने वाली मां दुर्गा की प्रतिमाएं बाराबंकी के अलग-अलग इलाकों के साथ ही आसपास के जनपदों तक पहुंचती हैं। नवरात्र नजदीक आते ही प्रतिमाओं की मांग बढ़ गई है और पूजा समितियों की ओर से बुकिंग भी शुरू हो गई है।मूर्तिकारों के सामने अब समय पर प्रतिमाओं को तैयार करने की चुनौती है।
यही वजह है कि कई कार्यशालाओं में सुबह से देर रात तक काम चल रहा है।कलाकार प्रतिमाओं के चेहरे की भाव-भंगिमा से लेकर रंग और सजावट की हर बारीकी पर विशेष ध्यान दे रहे हैं।
11 अक्टूबर से नवरात्रि शुरू होने के बाद खैरातीपुर में तैयार की जा रही मां दुर्गा की प्रतिमाएं अलग-अलग पूजा पंडालों में विराजमान होंगी। फिलहाल गांव में मिट्टी, रंग और सजावट से लेकर प्रतिमाओं के अंतिम रूप तक हर स्तर पर तैयारियां जोरों पर हैं और मूर्तिकार लगातार मां दुर्गा की प्रतिमाओं को आकार देने में जुटे हुए हैं।
लोकेशन बाराबंकी-रिपोर्टर:रवेंद्र वर्मा









