मेरठ। सूरजकुंड क्षेत्र में आबू नाले में युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास नाले में तैरता हुआ मिला। स्थानीय लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया।

मृतक की पहचान आकाश पुत्र मनोज वाल्मीकि, निवासी सूरजकुंड के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक आकाश कल रात से घर से लापता था। बताया जा रहा है कि वह शराब पीने का आदी था।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि युवक के नाले तक पहुंचने की स्थिति का पता लगाया जा सके।
जिस स्थान पर शव मिला, उसके पास ही शराब का ठेका भी है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि शराब पीने के बाद आकाश नाले में गिर गया होगा। हालांकि, युवक की मौत कैसे हुई, इसका स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्ट: उज्जवल रस्तोगी |









