पटना। जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने पटना में पार्टी प्रत्याशी डॉ. दिव्या ज्योति की नामांकन सभा के दौरान जेडीयू नेता नीरज कुमार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नीरज कुमार लंबे समय से एमएलसी हैं, लेकिन शिक्षकों को उनका अधिकार और वेतनमान दिलाने में विफल रहे। प्रशांत किशोर ने सामाजिक मुद्दों पर आवाज नहीं उठाने का भी आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कैमरे के सामने आकर नीरज कुमार के समर्थन में वोट मांगते हैं, तो जन सुराज अपना प्रत्याशी वापस लेने के लिए तैयार है।
प्रशांत किशोर ने दावा किया कि जन सुराज की सरकार बनने पर लोकसभा चुनाव से पहले शिक्षकों को सातवां वेतनमान दिलाने का प्रयास किया जाएगा। वहीं, स्नातक क्षेत्र से जन सुराज प्रत्याशी के जीतने पर 10 हजार पढ़े-लिखे बेरोजगार युवाओं को नौकरी दिलाने का दावा किया।
एमएलसी चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि भगदड़ जन सुराज में नहीं, बल्कि सत्तारूढ़ दल में है। उन्होंने दावा किया कि शिक्षक और स्नातक मतदाता इस बार बदलाव के मुद्दे पर मतदान करेंगे। शिक्षा, शिक्षकों का सम्मान और वेतनमान को उन्होंने चुनाव के प्रमुख मुद्दे बताया।
रिपोर्ट: रमण कुमार









