महराजगंज। निचलौल तहसील क्षेत्र के बहुआर इलाके में नारायणी नदी में मछली पकड़ने गए 35 वर्षीय युवक पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। मगरमच्छ युवक को नदी में खींच ले गया। घटना के करीब 27 घंटे बाद मंगलवार दोपहर लगभग 2:50 बजे उसका शव बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार गेढ़हवा गांव निवासी छबिलाल साहनी (35) सोमवार को रोज की तरह नारायणी नदी में मछली पकड़ने गया था। इसी दौरान नदी में मछली पकड़ते समय मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया और देखते ही देखते उसे पानी के भीतर खींच ले गया। घटना की सूचना मिलते ही बहुआर चौकी प्रभारी मनोज गुप्ता की निगरानी में पुलिस, वन विभाग, एसएसबी और एनडीआरएफ की टीमों ने युवक की तलाश शुरू कर दी।
टीमों ने नदी के आसपास काफी देर तक सर्च अभियान चलाया। करीब 27 घंटे तक चले अभियान के बाद मंगलवार दोपहर युवक का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है।
घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। युवक की मौत से उसकी वृद्ध मां का सहारा छिन गया, जबकि बच्चों के सिर से पिता का हाथ उठ गया। ग्रामीणों के अनुसार मृतक का जीवन पहले से ही कई तरह के संघर्षों से भरा रहा था।
बहुआर चौकी प्रभारी मनोज गुप्ता ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद नियमानुसार मृतक के परिजनों को शासन से आर्थिक सहायता दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, निचलौल रेंजर सुनील राय ने बताया कि नदी किनारे बसे गांवों में लोगों को मगरमच्छों के हैचिंग पीरियड के दौरान नदी क्षेत्र में न जाने की चेतावनी दी गई है। ताजा घटना के बाद क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है। प्रशासन और वन विभाग ने ग्रामीणों से नदी के किनारे जाने में विशेष सावधानी बरतने और किसी भी खतरे की स्थिति में तत्काल सूचना देने की अपील की है।









