मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ सपा महिला सभा का प्रदर्शन, जमकर की नारेबाजी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बहराइच। समाजवादी महिला सभा की कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित धरना स्थल पर प्रदर्शन कर मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त को तत्काल पद से हटाने की मांग की। इस दौरान महिला कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंककर विरोध जताया।

समाजवादी महिला सभा की जिलाध्यक्ष मन्नू देवी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट के निकट स्थित धरना स्थल पर पहुंचीं। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि वोटों में हेराफेरी कर लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोकतंत्र की मजबूती के लिए चुनाव प्रक्रिया का निष्पक्ष और पारदर्शी होना जरूरी है।

महिला कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए नगर मजिस्ट्रेट के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में चुनाव प्रक्रिया से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की गई।

प्रदर्शन को देखते हुए धरना स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। समाजवादी महिला सभा की जिलाध्यक्ष मन्नू देवी, शाइस्ता परवीन, सीमा मिश्रा, नंदेश्वर नंद यादव समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहीं। कार्यकर्ताओं ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित होने तक उनका विरोध जारी रहेगा।

 

रिपोर्ट – अनिरुद्ध मिश्रा

और पढ़ें

[the_ad id="164"]