देवरिया। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में मंगलवार को देवरिया में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में सपाई शहर के सुभाष चौक पर एकत्र हुए और केंद्र सरकार व दिल्ली पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने अखिलेश यादव की तत्काल रिहाई की मांग की।
सपा नेताओं ने कहा कि अखिलेश यादव की गिरफ्तारी लोकतांत्रिक अधिकारों के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध दर्ज कराने और अपनी बात रखने का सभी को अधिकार है, लेकिन विपक्षी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई कर उनकी आवाज दबाई जा रही है।
सुभाष चौक पर धरने के दौरान सपाइयों ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कार्यकर्ताओं ने आपत्ति जताते हुए इसे लेकर अपनी चिंताएं सामने रखीं।
प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के इंतजाम किए गए। सपा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि अखिलेश यादव के खिलाफ कार्रवाई जारी रही तो प्रदेशभर में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।









