अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने पर बहराइच में भड़के सपाई, सड़क पर प्रदर्शन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बहराइच। दिल्ली में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने की सूचना के बाद बहराइच में सपा कार्यकर्ताओं का आक्रोश फूट पड़ा। बड़ी संख्या में सपाई कलेक्ट्रेट के सामने एकत्र हुए और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर उतरकर कुछ समय के लिए जाम लगाते हुए विरोध जताया।

सपा कार्यकर्ताओं का कहना था कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर पार्टी लगातार अपनी आपत्ति दर्ज करा रही है। इसी मुद्दे को लेकर दिल्ली में चल रहे प्रदर्शन के दौरान अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने से कार्यकर्ताओं में रोष है।

कलेक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन के दौरान सपाइयों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश सरकार के खिलाफ भी नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव को तत्काल रिहा किए जाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने के अधिकार में बाधा डाली जा रही है।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने सड़क पर लगे जाम को खुलवाने और यातायात व्यवस्था सामान्य कराने का प्रयास किया। इस दौरान मौके पर काफी देर तक गहमागहमी का माहौल रहा। प्रदर्शन थाना नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित कलेक्ट्रेट के सामने किया गया। सपा जिलाध्यक्ष राम हर्ष यादव ने कहा कि अखिलेश यादव की रिहाई होने तक कार्यकर्ताओं का विरोध जारी रहेगा।

रिपोर्ट – अनिरुद्ध मिश्रा

और पढ़ें

[the_ad id="164"]