सहारनपुर के थाना मिर्जापुर क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग पुत्री के साथ कथित छेड़छाड़ व अश्लील हरकतें करने के मामले में पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर कार्यवाही की।मांग करते हुए एसपी देहात को प्रार्थना पत्र दिया।
जानकारी अनुसार पीड़ित की पुत्री मिर्जापुर पोल स्थित ग्लोकल यूनिवर्सिटी में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा है। आरोप है कि पिछले करीब एक माह से एक युवक विश्वविद्यालय परिसर में आकर छात्रा के साथ लगातार छेड़छाड़ व अश्लील हरकतें कर रहा था।
पिता का आरोप है कि युवक के व्यवहार से छात्रा मानसिक रूप से परेशान हो गई। मामले की जानकारी विश्वविद्यालय के प्राचार्य एवं संबंधित शिक्षकों को भी दी गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
पिता ने बताया कि जानकारी करने पर कथित युवक को थाना झिंझाना, जिला शामली का बताया गया है। उसके एक अन्य साथी के भी विश्वविद्यालय का छात्र होने का उल्लेख किया गया है। पीड़ित पिता ने आरोप लगाया कि आरोपी की हरकतों से उनकी बेटी काफी परेशान है और उसे डर है कि कहीं उसके साथ कोई अप्रिय घटना न हो जाए।
उन्होंने पूर्व में थाना मिर्जापुर में भी प्रार्थना पत्र देने की बात कही है, लेकिन कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया।
अब पीड़ित पिता ने एसपी देहात से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने तथा अपनी बेटी की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
रिपोर्ट : काशिफ खान









