हाईवे जाम करने पर 23 नामजद समेत 110-115 अज्ञात पर मुकदमा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर। अलीनगर थाना क्षेत्र के सकलडीहा तिराहा के पास शव रखकर राष्ट्रीय राजमार्ग जाम करने के मामले में पुलिस ने 23 नामजद समेत करीब 110 से 115 अज्ञात महिला-पुरुषों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने मुगलसराय-चकिया मार्ग की दोनों लेनों को बांस-बल्ली लगाकर बाधित कर दिया था। इससे एंबुलेंस समेत आम लोगों के वाहन जाम में फंस गए।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम करीब छह बजे उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव को हाईवे जाम किए जाने की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो मृतक पुनवासी चौहान, निवासी वार्ड नंबर तीन, अलीनगर के परिजनों समेत करीब 130 से 140 लोग सड़क पर मौजूद थे और नारेबाजी कर रहे थे।

पुलिस ने लोगों को समझाकर रास्ता खाली कराने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। इसके बाद एसडीएम और सीओ पीडीडीयू नगर मौके पर पहुंचे और काफी देर तक समझाने के बाद हाईवे खाली कराया गया।

अलीनगर पुलिस ने उपनिरीक्षक की तहरीर पर मुकदमा संख्या 0618/2026 दर्ज किया है। इसमें बीएनएस की धाराओं 285, 126(2), 189(2) और आपराधिक कानून संशोधन अधिनियम की धारा 7 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]