लखनऊ में गोमती का बढ़ता जलस्तर मुसीबत बन गया है. फैजुल्लागंज समेत कई इलाकों में बाढ़ से हालात गंभीर हैं|
कई इलाके जलमग्न
लखनऊ के कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है| बात करें फैजुल्लागंज इलाके की, जहां बाढ़ के कारण लोगों का हाल- बेहाल है| करीब 40 हजार घरों में पांच फीट से अधिक पानी भरने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है| बताया जा रहा है कि बाढ़ से 3 लाख से ज्यादा लोग इसकी चपेट में हैं|
कई घरों में पानी भरने के कारण बड़ी संख्या में लोग अपना सामान समेटकर सुरक्षित स्थानों की ओर जा रहे हैं| कई परिवार घरों पर ताला लगाकर निकल चुके हैं, जबकि कुछ लोग नाव के जरिए बाढ़ प्रभावित इलाकों से बाहर निकल रहे हैं| वहीं गोमती नदी का जलस्तर लगातार आठवें दिन बढ़ रहा है| इसके चलते नदी से सटे कई इलाकों में बाढ़ का असर देखने को मिल रहा है| रिवरफ्रंट, हनुमंत धाम और चंद्रिका देवी मंदिर समेत कई तटीय क्षेत्र पानी की चपेट में हैं|
राहत बचाव कार्य जारी
बाढ़ प्रभावित लोगों का कहना है कि राहत और बचाव सामग्री समय पर नहीं पहुंच रही है| खाने-पीने की चीजों और रोजमर्रा की जरूरत के सामान के लिए भी लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है| फिलहाल बढ़ते जलस्तर ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं, लेकिन कई इलाकों में हालात अब भी गंभीर बने हुए हैं।









