कसया। नगरपालिका परिषद कुशीनगर के महंथ अवैद्यनाथ नगर डुमरी में सोमवार की मध्यरात्रि करीब 12 बजे बिजली के शॉर्ट सर्किट से फूस की झोपड़ी में आग लग गई। आग की चपेट में आने से झोपड़ी में बंधी दुधारू गाय, बछिया और दो बकरों की जलकर मौत हो गई, जबकि दो बकरियां झुलस गईं। घटना से परिवार में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार वार्ड निवासी श्रीराम पुत्र स्व. भैरव की फूस की झोपड़ी में अचानक आग लग गई। इसी दौरान झोपड़ी के बगल की दीवार पर लगा विद्युत मीटर तेज आवाज के साथ फट गया। इसके बाद आग ने देखते ही देखते पूरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। झोपड़ी में बंधे पशु आग से घिर गए। परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक चार पशुओं की मौत हो चुकी थी।
पीड़ित श्रीराम गोंड ने बताया कि परिवार की आजीविका पशुपालन पर निर्भर थी। पशुओं की मौत से परिवार को आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना के बाद उनकी पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर हल्का लेखपाल शैलेंद्र कुमार दुबे मौके पर पहुंचे और आग से हुई क्षति का आकलन किया। उन्होंने प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग दिलाने का आश्वासन दिया। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है।









