प्रसव के बाद नवजात की मौत, निजी अस्पताल की ओटी सील

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के कौवासार में प्रसव के बाद नवजात की मौत से आक्रोशित परिजनों ने एएनएम सेंटर पर शव रखकर घंटों हंगामा किया। परिजनों ने एएनएम और निजी अस्पताल के चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित निजी अस्पताल की ओटी सील कर दी है और एएनएम से स्पष्टीकरण मांगा है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात प्रसव पीड़ा होने पर रेखा को परिजन कौवासार स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि वहां तैनात एएनएम ने महिला को क्रांति चौराहा स्थित एक निजी अस्पताल में भेज दिया। आरोप है कि बाबा हॉस्पिटल में प्रसव के दौरान महिला की हालत बिगड़ गई और नवजात की स्थिति भी गंभीर हो गई। इसके बाद नवजात को अलग-अलग अस्पतालों में ले जाया गया, जहां से उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया। सोमवार तड़के इलाज के दौरान नवजात की मौत हो गई।

नवजात की मौत के बाद परिजन शव लेकर कौवासार एएनएम सेंटर पहुंचे और प्रदर्शन किया। इसके बाद निजी अस्पताल पहुंचकर भी विरोध जताया। सूचना पर चिकित्सा प्रभारी डॉ. रजनीश श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और प्रसूता को सीएचसी नेबुआ नौरंगिया में भर्ती कराया। स्वास्थ्य विभाग ने निजी अस्पताल की ओटी सील कर दी है। साथ ही एएनएम को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। मामले में परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

 

रिपोर्टर – साजिद अंसारी

और पढ़ें

[the_ad id="164"]