लखनऊ। राजधानी लखनऊ के फैजुल्लागंज क्षेत्र में जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पुराना दाऊद नगर, मुस्लिम नगर समेत फैजुल्लागंज के कई इलाकों में पानी भरने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई घरों में पानी घुसने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार जलभराव के कारण घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। गलियों और रास्तों पर पानी भरा होने से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि समस्या लगातार बनी रहने के बावजूद जिम्मेदार विभागों की ओर से स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।
घरों में पानी घुसने से बढ़ी परेशानी
बाढ़ जैसे हालात के कारण कई परिवारों को घर के अंदर ही पानी के बीच रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों में शासन और प्रशासन के प्रति नाराजगी दिखाई दी। उनका कहना है कि हर बार जलभराव के दौरान आश्वासन तो मिलता है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाता।
लोगों ने की जलनिकासी की मांग
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और नगर निगम से तत्काल पानी की निकासी कराने तथा जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जलनिकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो हालात और बिगड़ सकते हैं।
लोकेशन- लखनऊ
रिपोर्ट-दीपक सिंह गौर









