सोनभद्र। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा संकल्प के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में निकाली जा रही ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ सोमवार को सोनभद्र के डाला नगर पहुंची। यात्रा के पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने बाइक सवारों का फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा के साथ जोरदार स्वागत किया। इस दौरान बुलडोजर से भी यात्रियों पर फूल बरसाए गए।
वड़नगर से काशी तक निकाली जा रही इस यात्रा में करीब 500 बाइक सवार युवा अलग-अलग टोलियों में शामिल हैं। यात्रा के माध्यम से गांव-गांव पहुंचकर लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और सेवा कार्यों से जुड़े संदेशों की जानकारी दी जा रही है।
डाला में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में सदर विधायक भूपेश चौबे ने यात्रा में शामिल बाइक सवारों और कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य सेवा, जनसंपर्क और समाज के प्रति समर्पण का संदेश लोगों तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक भूपेश चौबे ने सड़क पर पड़ी प्लास्टिक की थैली स्वयं उठाकर स्वच्छता का संदेश भी दिया। उनके इस कदम की लोगों ने सराहना की। यात्रा के स्वागत के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।









