मैनपुरी के कुरावली थाना क्षेत्र के एक गांव में 13 वर्षीय किशोरी से कथित तौर पर कई बार दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। परिजनों ने अमन नाम के युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का दावा है कि किशोरी करीब पांच माह की गर्भवती है। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
किशोरी के पिता का आरोप है कि आरोपी युवक बहला-फुसलाकर किशोरी को खेतों की ओर ले जाता था और वहां उसके साथ दुष्कर्म करता था। डर और भय के कारण किशोरी काफी समय तक परिजनों को घटना के बारे में नहीं बता सकी। बाद में जानकारी होने पर परिवार ने पुलिस से शिकायत की।
पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर किशोरी को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा है। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है और मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
एसपी ग्रामीण अभिषेक तिवारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: मैनपुरी









