ताजनगरी आगरा के थाना निबोहरा क्षेत्र के गांव गढ़ी धर्मजीत में खेत में मिट्टी डालने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष की ओर से लाइसेंसी असलाह से फायरिंग कर दी गई। गोली लगने से एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही थाना निबोहरा पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के साथ साक्ष्य संकलन की कार्रवाई शुरू की। पुलिस के मुताबिक, खेत में मिट्टी डालने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान एक पक्ष द्वारा लाइसेंसी हथियार से गोली चलाई गई, जिसमें युवती की जान चली गई। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
घटना की सूचना पर पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन अभिषेक कुमार अग्रवाल ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार दोनों पक्ष पहले से एक-दूसरे से परिचित हैं और उनके घरों के बीच करीब 100 मीटर की दूरी है। फिलहाल मौके पर शांति है और कानून-व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।
रिपोर्ट :- ममता भारद्वाज
आगरा









