जलभराव से परेशान गणेश नगर के लोग, डीएम से लगाई गुहार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखीमपुर खीरी। शहर के मोहल्ला गणेश नगर और उदयपुर के लोग पिछले कई वर्षों से जलभराव की समस्या से परेशान हैं। समस्या से निजात पाने के लिए सोमवार को मोहल्लेवासियों ने डीएम से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई और जल निकासी की उचित व्यवस्था कराने की मांग की।

मोहल्लेवासियों का आरोप है कि गणेश नगर और उदयपुर का पानी गांधीनगर मोहल्ले से होकर बाहर निकलता है, लेकिन गांधीनगर में निर्माण कार्य के चलते जल निकासी का रास्ता बंद हो गया है। इसके कारण बारिश के साथ-साथ घरों से निकलने वाला गंदा पानी भी मोहल्ले में जमा हो जाता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई वर्षों से लगातार जलभराव की समस्या बनी हुई है। कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है। जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बच्चों को स्कूल आने-जाने में दिक्कत होती है।

लंबे समय तक पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ने के साथ ही संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है। मोहल्लेवासियों ने डीएम से जल्द मामले का संज्ञान लेकर जल निकासी का रास्ता खुलवाने और समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]